ख़बरसार उत्तराखंड

सहकारिता आंदोलन को मिली नई दिशा : एम-पैक्स पदाधिकारियों का राज्यस्तरीय प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न

MPACS State Training
Written by Subodh Bhatt

MPACS State Training

देहरादून। सहकार भारती उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित दो दिवसीय लक्ष्मणराव इनामदार एम-पैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम आज अपने समापन सत्र के साथ सफलतापूर्वक पूरा हो गया।

दूसरे दिन का प्रथम सत्र उत्तराखण्ड सरकार के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जबकि समापन सत्र की अध्यक्षता ग्रामीण विकास, लघु एवं सूक्ष्म-मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्राम उद्योग तथा भाषा मंत्री भरत सिंह चौधरी ने की।

अध्यक्षीय संबोधन देते हुए गणेश जोशी ने कहा कि एम-पैक्स गांव की आर्थिक व्यवस्था का मूल आधार हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार एम-पैक्स को कृषि योजनाओं जैसे बीज वितरण, उर्वरक, कृषि यंत्रों की आपूर्ति और डेयरी विकास से जोड़कर मजबूत बनाएगी। पदाधिकारियों से पारदर्शिता और किसान सेवा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने की अपील की।

MPACS State Training

भरत सिंह चौधरी ने कहा कि सहकारिता और ग्रामीण विकास एक-दूसरे के पूरक हैं। यह प्रशिक्षण वर्ग नव-निर्वाचित एम-पैक्स पदाधिकारियों को ज्ञान से समृद्ध करेगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का सशक्त माध्यम प्रदान करेगा। हमारी सरकार लघु उद्यम, खादी-ग्राम उद्योग और सहकारिता को जोड़कर किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में कार्य कर रही है।

विशेषज्ञ वक्ता सुश्री इरा उप्रेती ने कहा कि एम-पैक्स पदाधिकारियों के लिए यह प्रशिक्षण अत्यंत उपयोगी साबित होगा। सहकारी अधिनियम और आदर्श उपविधियों का सख्ती से पालन ही संस्थाओं को मजबूत बनाता है। सुशासन, वित्तीय अनुशासन, डिजिटल रिकॉर्ड रखरखाव और पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों की सेवा करना ही हमारा मुख्य लक्ष्य होना चाहिए। विभाग की ओर से सभी एम-पैक्स को पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।

सहकार भारती उत्तराखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष विनोद गौड़ ने बताया कि यह प्रशिक्षण वर्ग नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को सहकारिता के सिद्धांतों, कानूनों, सुशासन, नेतृत्व विकास एवं विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

इस अवसर पर प्रदेश संगठन प्रमुख राजेश वर्मा, प्रदेश सह संगठन प्रमुख मणिराम नौटियाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार जोशी, प्रदेश मंत्री रविन्द्र, विभाग प्रमुख डॉ. राकेश डंगवाल, प्रशांत अनुज कौशिक, मदन मोहन भारद्वाज, डॉ. हरीश रावत, गीतांजलि ढौंडियाल, बीपी खंडूरी, हरीश सकलानी, रविंद्र डोभाल तथा सावित्री गुसाईं विशेष रूप से उपस्थित रहे।

दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में गढ़वाल मण्डल के सात जनपदों की 54 एम-पैक्स के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

About the author

Subodh Bhatt

Leave a Comment