Dehradun Raipur Firing
देहरादून। रायपुर क्षेत्र में हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का देहरादून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) की रणनीति और पांच विशेष टीमों की सक्रिय कार्रवाई से घटना में शामिल तीन आरोपियों को दबोच लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई की रात करीब नौ बजे रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर दिवाकर खंडूड़ी अपने दोस्तों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ खड़े थे। इसी दौरान तीन-चार युवक वहां पहुंचे और पिस्टल से दो राउंड फायरिंग कर दी। गोलीबारी में नवीन राणा के कंधे और वहां से गुजर रहे कमेंद्र शर्मा के पैर में गोली लग गई। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। मामले में थाना रायपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पांच अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों से पूछताछ की तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान बिजनौर निवासी अक्षय प्रधान और उसके साथियों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस टीमों ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए थानो रोड के सोढ़ा सरोली क्षेत्र से अरुण कुमार उर्फ छोटू, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान कमेंद्र शर्मा और मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान के बीच विवाद हुआ था। उसी विवाद के बाद दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही थी। हाल ही में दोनों पक्षों के बीच फोन पर गाली-गलौज और धमकियों का सिलसिला शुरू हुआ, जिसके बाद कमेंद्र शर्मा अपने साथियों के साथ अक्षय प्रधान को सबक सिखाने पहुंचा। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और फायरिंग हो गई, जिसमें कमेंद्र शर्मा और नवीन राणा गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने इस कार्रवाई को एसएसपी देहरादून की अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का परिणाम बताते हुए कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


