Generative AI for teachers
देहरादून, 7 जुलाई । ग्राफिक एरा में समय के साथ शिक्षा की बदलती आवश्यकताओं और आधुनिक शिक्षण प्रणालियों के अनुरूप शिक्षकों को दक्ष बनाने के लिए एआई आधारित शिक्षण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
आज ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में शिक्षकों को गूगल जेमिनी और नोटबुकएलएम जैसे जनरेटिव एआई टूल्स का प्रशिक्षण देने के लिए तीन दिवसीय फैकल्टी एनेबलमेंट प्रोग्राम (एफईपी) शुरू हो गया। एफईपी के उद्घाटन समारोह में यूनिवर्सिटी के प्रो वीसी डा. संतोष एस. सर्राफ ने कहा कि आधुनिक तकनीक और एआई शिक्षा जगत का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग इन तकनीकों को नहीं अपनाएंगे, वे समय की दौड़ में पीछे रह जाएंगे। इस ट्रेनिंग प्रोग्राम में एआई विशेषज्ञ एवं प्रेक्स स्टूडियो के संस्थापक अनुराग कुमार ने शिक्षकों को गूगल जेमिनी, नोटबुकएलएम, गूगल वर्कस्पेस और गूगल एआई स्टूडियो के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने जनरेटिव एआई की कार्यप्रणाली, नोटबुकएलएम के माध्यम से स्रोत आधारित अध्ययन सामग्री और कस्टम एआई असिस्टेंट विकसित करने के तरीके भी बताए।
इस एफईपी का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के मैनेजमेंट डिपार्टमेंट ने किया। एफईपी में यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डा. नरेश कुमार शर्मा, हेड ऑफ ग्राफिक एरा स्कूल ऑफ मैनेजमेंट डा. नवनीत रावत, हेड ऑफ डिपार्टमेंट ऑफ बिज़नेस मैनेजमेंट डा. एन. एस. बोहरा, एफईपी कॉर्डिनेटर अभिजीत थापा के साथ अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं शामिल हुए।


