उत्तराखंड ख़बरसार सामाजिक

सजग इंडिया के 15 वर्ष के जन आंदोलन को मिली राष्ट्रीय पहचान – ललित जोशी

Drug Free India
Written by Subodh Bhatt

Drug Free India

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशव्यापी ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत‘ अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में एक करोड़ से अधिक युवाओं ने भाग लिया। उत्तराखंड में भी देहरादून सहित विभिन्न जिलों के युवाओं ने वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री का संबोधन सुनते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब देश ने विकसित भारत का लक्ष्य निर्धारित किया है, तब यह आवश्यक है कि देश का युवा तन और मन से स्वस्थ, आत्मविश्वास से भरपूर तथा ड्रग्स जैसी घातक आदतों से पूरी तरह दूर रहे। उन्होंने कहा, “हमें हर एक युवा को नशे के चंगुल में फंसने से बचाना है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि समाज का सहयोग, योग और ध्यान जैसी सकारात्मक जीवनशैली नशे के खिलाफ हमारे अंतर्मन को मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि आज नशा छोड़ने के लिए पुनर्वास केंद्र (रीहैबिलिटेशन सेंटर) जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं और जरूरत पड़ने पर उनका लाभ लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने देशभर के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि वे नियमित पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को ड्रग्स के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक करें तथा अपने-अपने परिसर में नशे के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करें। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े परिणाम ला सकते हैं।

Drug Free India

प्रधानमंत्री ने परिवारों से भी संवेदनशील अपील करते हुए कहा कि यदि कोई युवा नशे की गिरफ्त में आ जाए तो इसका अर्थ यह नहीं कि उसके जीवन के सभी रास्ते बंद हो गए हैं। ऐसे मामलों को सामाजिक प्रतिष्ठा के नाम पर छिपाने के बजाय समय पर चिकित्सकीय सहायता और विशेषज्ञों का सहयोग लेना चाहिए। उन्होंने परिवारों से बच्चों के साथ खुलकर संवाद स्थापित करने का भी आग्रह किया, ताकि वे नशे जैसी बुराई की ओर बढ़ने से पहले ही सही मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें।

देहरादून स्थित सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में करीब 250 युवाओं ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन देखा। कार्यक्रम में MY Bharat, सजग इंडिया तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज एवं सजग इंडिया के अध्यक्ष एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान वर्षों से चल रहे जनजागरूकता प्रयासों को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि सजग इंडिया पिछले 15 वर्षों से उत्तराखंड के स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान चला रहा है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शुरू हुआ 100 सप्ताह का यह अभियान देशभर में नशे के खिलाफ एक प्रभावी जनआंदोलन का रूप लेगा।

मुख्य अतिथि अपर सचिव, मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने कहा कि नशे के खिलाफ सबसे प्रभावी लड़ाई केवल कानून से नहीं, बल्कि जागरूक समाज और जिम्मेदार युवाओं की सक्रिय भागीदारी से जीती जा सकती है। उन्होंने युवाओं से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

MY Bharat उत्तराखण्ड के राज्य निदेशक राहुल डबराल ने कहा कि यह अभियान केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश है। जब युवा स्वयं बदलाव का संकल्प लेते हैं, तब पूरा समाज नई दिशा की ओर बढ़ता है। उन्होंने बताया कि इसी सोच के साथ MY Bharat और सजग इंडिया आगामी 100 सप्ताह तक लगातार जनजागरूकता अभियान संचालित करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में नशा मुक्ति अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि बंशीधर तिवारी द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

About the author

Subodh Bhatt

Leave a Comment