ख़बरसार उत्तराखंड धार्मिक पर्यटन

रुद्रप्रयाग नगरासू गुरुद्वारा विवाद: हेमकुंड साहिब यात्रा सामान्य, प्रशासन ने अफवाहों से सावधान रहने की दी सलाह

Gurdwara Sahib Nagarasu
Written by Subodh Bhatt

Gurdwara Sahib Nagarasu

रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब को लेकर बीते दो दिनों से चल रहे विवाद के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की जानकारी दी है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि गुरुद्वारे में धार्मिक गतिविधियां पूर्ववत संचालित हो रही हैं और हेमकुंड साहिब यात्रा भी शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में जारी है।

जिलाधिकारी ने बताया कि नगरासू स्थित गुरुद्वारे में अरदास, लंगर सेवा तथा श्रद्धालुओं और यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति द्वारा सभी व्यवस्थाओं का संचालन नियमित रूप से किया जा रहा है तथा परिसर में शांति और सौहार्द का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर गुरुद्वारे को लेकर प्रसारित की जा रही कई सूचनाएं भ्रामक और तथ्यहीन हैं। गुरुद्वारे में किसी प्रकार के कब्जे, हिंसा अथवा किसी व्यक्ति को बंधक बनाए जाने जैसी चर्चाओं को प्रशासन ने पूरी तरह असत्य और अपुष्ट बताया है। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें और अफवाहों को बढ़ावा न दें।

प्रशासन के अनुसार हेमकुंड साहिब यात्रा पर किसी भी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है। यात्रा मार्ग पर आवागमन सामान्य है और श्रद्धालु निर्बाध रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन लगातार सतर्क हैं तथा स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है।

इस बीच अकाल सिंह जी निहंग ने भी स्वयं के सकुशल होने की जानकारी देते हुए जिला प्रशासन और पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने संवेदनशील स्थिति में संयम और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी को साझा करने से बचने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में शांति और श्रद्धालुओं की आस्था का वातावरण बना रहे।

About the author

Subodh Bhatt

Leave a Comment