ख़बरसार • उत्तराखंड

‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को युवाओं की रचनात्मकता से मिली नई दिशा

ViksitBharat2047
Written by Subodh Bhatt

ViksitBharat2047

देहरादून। समाज कल्याण मंत्री एवं भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश संयोजक तथा ‘सपनों का भारत-2047’ अभियान के संयोजक खजानदास ने सीएनआई इंटर कॉलेज, देहरादून में आयोजित सेवा कार्य, भाषण, चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता और प्रदर्शनी में प्रतिभाग किया। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को चित्रों, भाषणों, रंगोली और अन्य प्रस्तुतियों के जरिए सामने रखा। खजानदास ने विद्यार्थियों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की सोच और उनकी ऊर्जा ही देश के भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।

खजानदास ने कहा कि ‘सपनों का भारत-2047’ अभियान का उद्देश्य युवाओं के मन में वर्ष 2047 तक भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की सोच को मजबूत करना है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से बच्चों को चित्रों और भाषणों के जरिए विकसित भारत-2047 को लेकर अपने विचार साझा करने का अवसर दिया जा रहा है। साथ ही रंगोली और नुक्कड़ नाटक जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण सहित सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता से सामने लाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आत्मनिर्भरता, सेमीकंडक्टर निर्माण, रक्षा उत्पादन, हरित ऊर्जा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ना होगा। इसके साथ ही आधुनिक हाईवे, मजबूत रेलवे नेटवर्क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और समान अवसर सुनिश्चित करना भी है। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी इस संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

इस अवसर पर सीएनआई स्कूल की प्रधानाचार्य रीबिका, नगर निगम पार्षद अशोक डोबरियाल, नैन सिंह पंवार सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About the author

Subodh Bhatt

Leave a Comment