खेल उत्तराखंड ख़बरसार

परेड ग्राउंड स्पोर्ट्स हॉल की बढ़ी फीस के विरोध में खिलाड़ियों ने सौंपा ज्ञापन

Fee Hike Protest
Written by Subodh Bhatt

Fee Hike Protest

देहरादून। स्थानीय परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए निर्धारित मासिक शुल्क में हाल ही में की गई भारी वृद्धि के विरोध में जिला बैडमिंटन संघ, देहरादून के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला से भेंट कर ज्ञापन सौंपा।

संघ के कार्यकारी अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने शासन स्तर से जारी नए शुल्क निर्धारण को खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों के हितों के प्रतिकूल बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शुल्क में अप्रत्याशित वृद्धि से खिलाड़ियों, विशेषकर युवाओं और नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

ज्ञापन पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला ने प्रकरण के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अनुरोध किया गया है कि बढ़ी हुई फीस को फिलहाल स्थगित रखते हुए पूर्व निर्धारित शुल्क व्यवस्था को लागू रखा जाए, ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर वरिष्ठ खिलाड़ियों ने क्रीड़ा हॉल में मौजूद विभिन्न व्यवस्थागत कमियों को भी प्रमुखता से उठाया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में अंतरराष्ट्रीय एवं वरिष्ठ खिलाड़ी सुशील कुमार पटेट, एस.एस. पुंडीर, आर.एस. राणा, एम.एस. बिंद्रा, किशोर कांडपाल, आई.एस. चावला, आर.एस. भंडारी, सुशील वर्मा, अनिल कुमार तथा संतोष शाह सहित कई खिलाड़ी शामिल रहे।

खिलाड़ियों ने उम्मीद जताई कि सरकार खेल हितों को ध्यान में रखते हुए बढ़े हुए शुल्क पर पुनर्विचार करेगी तथा खेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

About the author

Subodh Bhatt

Leave a Comment