ख़बरसार उत्तराखंड शिक्षा

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक सप्ताह का रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ भव्य समापन

Cultural Week at SGRR University
Written by Subodh Bhatt

Cultural Week at SGRR University

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, देहरादून में विद्यार्थियों की सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित सांस्कृतिक सप्ताह का आज भव्य समापन हुआ। सप्ताह के अंतिम दिन पाक कला प्रतियोगिता (फूड फेस्ट) का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मकता एवं कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

प्रतिभागी विद्यार्थियों ने अपने-अपने व्यंजनों की आकर्षक प्रस्तुति एवं सशक्त अभिव्यक्ति के माध्यम से निर्णायकों तथा दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे सप्ताह विश्वविद्यालय परिसर में नृत्य, संगीत, फैशन शो, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, रंगोली तथा फूड फेस्ट जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में 07 फरवरी को विश्वविद्यालय के पटेल नगर कैंपस के बास्केटबॉल कोर्ट में प्रतियोगिताओं का आयोजन संपन्न हुआ, जिनके परिणाम अंतिम दिन घोषित किए गए।

Cultural Week at SGRR University

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु आयोजकों को अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता एवं सामाजिक मूल्यों का विकास करते हैं।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि विश्वविद्यालय अकादमिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर प्रदान करता है। सांस्कृतिक सप्ताह जैसे आयोजन छात्रों को संगठन, अनुशासन एवं टीमवर्क का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं।

Cultural Week at SGRR University

डीन, स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. (डॉ.) मालविका सती कांडपाल ने कहा कि विद्यार्थियों के मानसिक, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने जानकारी दी कि सांस्कृतिक सप्ताह के अंतर्गत आयोजित सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।
प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में सांस्कृतिक समिति एवं कल्चरल कमेटी के सदस्यों ने समन्वयक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक समिति की चेयरपर्सन डॉ. प्रिया पांडे, चीफ प्रॉक्टर डॉ. गणराजन, विश्वविद्यालय के सभी स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

About the author

Subodh Bhatt

Leave a Comment