ऋषिकेश। हिमवंत फाउंडेशन सोसाइटी ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। सोसाइटी सदस्यों ने 50 पुरोहितों को पर्यावरण प्रहरी की भूमिका निभाने का संकल्प कराया। गुरुवार को हिमवंत फाउंडेशन सोसाइटी ने ॠषिकेश के श्यामपुर, छिद्रवाला और भूपतवाला में अभियान चलाया। सोसाइटी सदस्यों ने क्षेत्र के 50 पुरोहितों को पर्यावरण प्रहरी की भूमिका निभाने के लिए जागरूक किया और संकल्प कराया। संस्था की अध्यक्ष संगीता थपलियाल ने पुरोहितों को मंदिरों में प्रयोग होने वाली सिंथेटिक चुन्नी और पोशाक से होने वाले गंगा प्रदूषण के बारे बताया। उन्होंने पुरोहितों को सूती कपड़े से बने पोशाक और चुन्नी के पुन: उपयोग से बनी चीजें दिखाकर सिंथेटिक के बजाए सूती का प्रयोग कर पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रोत्साहित किया।


