अपराध उत्तराखंड

दहेज हत्या में आरोपी पति व ननद पहुँचे सलाखों के पीछे

Dowry Death Arrest
Written by Subodh Bhatt

Dowry Death Arrest

देहरादून। दहेज हत्या के एक संवेदनशील मामले में दून पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका द्वारा अपनी मां को भेजा गया वीडियो इस मामले की जांच में अहम साक्ष्य साबित हुआ, जिसमें उसने शादी के बाद लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने की आपबीती साझा की थी।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को श्रीकोट, श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कण्डारी ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री सृष्टि कण्डारी का विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति, सास और ननद दहेज की मांग को लेकर सृष्टि को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहे तथा अंततः उसकी हत्या कर दी।

शिकायत मिलते ही कोतवाली डोईवाला में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने विवेचना क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा को सौंपी और उनके नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

विशेष टीम ने त्वरित जांच के दौरान मृतका की मां सहित अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसी दौरान मृतका द्वारा घटना से पहले अपनी मां को भेजा गया एक वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा, जिसमें उसने ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी। पुलिस ने इस वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।

मजबूत साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने शनिवार को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव से मृतका के पति सौरभ खत्री (36 वर्ष) और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू (37 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

About the author

Subodh Bhatt

Leave a Comment