खेल उत्तराखंड

रोमांचक फाइनल में संजय कोठियाल को हराकर मनीष ओली बने चैंपियन

Table Tennis
Written by Subodh Bhatt

Table Tennis

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित सेवा सिंह मठारु मेमोरियल टेबल टेनिस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। खिताब जीतने के लिए टेबल टेनिस कोर्ट पर मनीष ओली और संजय कोठियाल के बीच जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिली। तीन सेटों तक चले इस कड़े मुकाबले में मनीष ओली ने अपनी शानदार वापसी और आक्रामक खेल के दम पर संजय कोठियाल को 14-21, 21-15, 21-9 से हराकर ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया।

मुकाबले की शुरुआत में संजय कोठियाल ने आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने अपने सटीक शॉट्स और बेहतरीन तालमेल से मनीष को दबाव में रखा। पहले सेट में मनीष ओली अपनी लय तलाशते दिखे, जिसका पूरा फायदा उठाते हुए संजय ने यह सेट 21-14 से आसानी से अपने नाम कर लिया।

पहला सेट गंवाने के बाद मनीष ओली ने जबरदस्त मानसिक मजबूती का परिचय दिया। दूसरे सेट में उन्होंने अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए खेल की गति को नियंत्रित किया। मनीष ने लंबी रैलियों में संजय को गलतियां करने पर मजबूर किया। दोनों खिलाड़ियों के बीच एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष हुआ, लेकिन अंत में मनीष ने 21-15 से जीत दर्ज कर मैच को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया।

निर्णायक और तीसरे सेट में मनीष ओली पूरी तरह से छाए रहे। उन्होंने दूसरे सेट की लय को बरकरार रखते हुए शुरुआत से ही बढ़त बना ली। संजय कोठियाल वापसी की कोशिश में कुछ जल्दबाज़ी कर बैठे, जिससे मनीष को लगातार अंक मिलते गए। इस निर्णायक सेट को मनीष ने एकतरफा अंदाज़ में 21-9 से जीतकर सेवा सिंह मठारु मेमोरियल का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया।

इस मौके पर उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा, खेल संयोजक सोबन सिंह गुसांई, कार्यकारणी सदस्य मनोज जायडा व मनवर रावत शामिल रहे। मैच रैफरी की भूमिका भूपत बिष्ट व देवेंद्र नेगी ने निभाई।

About the author

Subodh Bhatt

Leave a Comment