लोकप्रिय उत्तराखंड ख़बरसार

DD कॉलेज के वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक रंगों की छटा, छात्र-छात्राओं ने बिखेरा प्रतिभा का जलवा

DD College Annual Function
Written by Subodh Bhatt

DD College Annual Function

देहरादून: डी.डी. कॉलेज में वार्षिकोत्सव उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की प्रतिभा, रचनात्मकता, अनुशासन और सामूहिक सहयोग की शानदार झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ शारदे की वंदना के साथ हुआ। इसके बाद कॉलेज के चेयरमैन जितेंद्र यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वार्षिकोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने का माध्यम है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं भी दीं।

कॉलेज की प्राचार्या डॉ. ज्योत्सना रमोला ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर आयोजित शैक्षिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों का विस्तृत विवरण साझा किया। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं की सराहना की।

DD College Annual Function

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित प्रभावशाली नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं गढ़वाली संस्कृति को जीवंत करते हुए जागर की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। योगा के विद्यार्थियों द्वारा योग की विभिन्न मुद्राओं का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्य मंत्री, लेबर कमिशन गीता रावत ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नारी का जीवन सदियों से संघर्षमय रहा है, लेकिन महिलाओं ने हमेशा अपनी शक्ति का परिचय दिया है। आज की युवा पीढ़ी को अपनी क्षमता पहचान कर आत्मनिर्भर बनने की जरूरत है। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन को भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए बधाई दी।

विशिष्ट अतिथि युवा नेता शुभम सेमल्टी ने विद्यार्थियों को कर्मठता और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही समाज और देश के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है।

कार्यक्रम के दौरान वर्षभर साहित्यिक, सांस्कृतिक और खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। अंत में प्राचार्या डॉ. ज्योत्सना रमोला ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

About the author

Subodh Bhatt

Leave a Comment