ख़बरसार उत्तराखंड

देहरादून में अवैध निर्माण करने वालों पर एमडीडीए का शिकंजा, अवैध निर्माणों पर ताबड़तोड़ सीलिंग की कार्रवाई

Illegal Construction in Dehradun
Written by Subodh Bhatt

Illegal Construction in Dehradun

देहरादून में अनियंत्रित और अवैध निर्माणों पर लगाम कसने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर निर्माण कार्यों को सील कर दिया। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने नियमित निगरानी, प्राप्त शिकायतों और उच्चाधिकारियों के निर्देशों के तहत विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर बिना मानचित्र स्वीकृति के हो रहे निर्माणों को चिन्हित किया और तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की।

आजाद कॉलोनी, साना मस्जिद क्षेत्र में युनुस द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को निरीक्षण के दौरान पकड़ा गया। जांच में पाया गया कि निर्माण कार्य बिना मानचित्र स्वीकृति और आवश्यक अनुमति के किया जा रहा था, जो प्राधिकरण के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण स्थल को सील कर दिया।

कारगी चौक स्थित कलिंगा विहार क्षेत्र में भी प्राधिकरण ने सख्ती दिखाई। यहां संजय बमोला द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य में आवश्यक दस्तावेजों का अभाव पाया गया। प्राधिकरण की टीम ने इसे अवैध मानते हुए मौके पर ही सीलिंग की कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, दोनों ही मामलों में निर्माणकर्ताओं को पूर्व में नियमों की जानकारी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अनदेखी की गई।

Illegal Construction in Dehradun

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देशों पर पछवादून क्षेत्र के सेक्टर-12 में व्यापक संयुक्त निरीक्षण एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रवर्तन टीम ने क्षेत्र के विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए निर्माणकर्ताओं से मानचित्र स्वीकृति, नक्शा पास होने से संबंधित दस्तावेज और अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की। अभियान के दौरान कुल 14 निर्माण कार्यों की जांच की गई, जिनमें आवासीय और व्यावसायिक दोनों प्रकार के भवन शामिल थे। निरीक्षण के दौरान कई मामलों में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके या संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ऐसे मामलों को चिन्हित करते हुए अग्रिम कार्रवाई की जायेगी। जबकि एक स्थान पर की जा रही प्लाटिंग के कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाया गया गए। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति सख्ती से लागू की जा रही है। उन्होंने कहा कि देहरादून के सुनियोजित और व्यवस्थित विकास के लिए यह जरूरी है कि सभी निर्माण कार्य तय मानकों के अनुरूप हों। बिना मानचित्र स्वीकृति या नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माण न केवल अवैध हैं, बल्कि भविष्य में शहर की अव्यवस्था का कारण बनते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में सीलिंग के साथ-साथ ध्वस्तीकरण जैसी सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। तिवारी ने प्रवर्तन टीम को नियमित निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए आमजन से नियमों का पालन करने की अपील की।

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि एमडीडीए द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी अवैध निर्माण की शिकायत मिलती है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाती है। आज की सीलिंग कार्रवाई भी इसी क्रम का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान जिन निर्माणकर्ताओं द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य शहर में अवैध निर्माणों पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करना है और इसके लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।

About the author

Subodh Bhatt

Leave a Comment