राजनीति उत्तराखंड

भ्रष्टाचार, महिला अपराध और बेरोज़गारी के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा एलान, 16 फरवरी को राजभवन घेराव

Congress Protest Uttarakhand
Written by Subodh Bhatt

Congress Protest Uttarakhand

  • तीन माह का राज्यव्यापी जन-जागरण अभियान, 16 फरवरी को राजभवन घेराव

देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ते भ्रष्टाचार, महिला अपराधों और बेलगाम बेरोज़गारी के खिलाफ कांग्रेस ने निर्णायक संघर्ष का ऐलान कर दिया है। इसी कड़ी में आगामी तीन महीनों तक राज्यव्यापी जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा, जिसका चरम बिंदु 16 फरवरी को राजभवन घेराव होगा।

आज उत्तराखंड कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंध समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत तथा सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा एवं मनोज यादव की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक के उपरांत सभी वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

प्रेस वार्ता में नेताओं ने एक स्वर में कहा कि उत्तराखंड आज भ्रष्टाचार, महिला अपराध, बेरोज़गारी और प्रशासनिक अराजकता के सबसे भयावह दौर से गुजर रहा है। भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार, अन्याय, अत्याचार, महिला उत्पीड़न और नौकरियों की खुली बंदरबांट को ही अपनी पहचान बना लिया है। सरकार जनता के प्रति जवाबदेह होने के बजाय भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने में जुटी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि मुख्य विपक्षी दल होने के नाते कांग्रेस पार्टी इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हर मोर्चे पर संघर्ष करेगी। आगामी तीन माह के जन-जागरण अभियान में युवा, महिलाएं, किसान, कर्मचारी और बेरोज़गारों को जोड़ते हुए भाजपा सरकार की विफलताओं को जनता के सामने लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आज भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला, महिला असुरक्षा की राजधानी और बेरोज़गारी का गढ़ बन चुका है, जबकि मुख्यमंत्री मौन साधे बैठे हैं।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार की नाकामी अब हर घर तक पहुंच चुकी है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। कांग्रेस सड़कों से लेकर सदन तक जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर नौकरियों की बंदरबांट तक, हर मामले में भाजपा सरकार का असली चेहरा उजागर हो चुका है। भाजपा का “डबल इंजन” उत्तराखंड के लिए डबल अत्याचार साबित हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड की अस्मिता, संसाधनों और युवाओं के भविष्य के साथ विश्वासघात किया है। कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी। जन-जागरण अभियान के माध्यम से सरकार की हर नाकामी को जनता के सामने उजागर किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के वर्तमान नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह नेतृत्व साहस, संवेदनशीलता और संघर्ष का प्रतीक है तथा अंकिता भंडारी मामले को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए प्रदेश नेतृत्व को बधाई दी।

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बताया कि जन-जागरण अभियान की कड़ी में 16 फरवरी को राजभवन का घेराव किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल बयानबाज़ी नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों की निर्णायक लड़ाई है।

चुनाव प्रबंध समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि संगठन पूरी तरह एकजुट है और आंदोलन को गांव-गांव व शहर-शहर तक योजनाबद्ध तरीके से पहुंचाया जाएगा। 16 फरवरी का राजभवन घेराव सरकार की नाकामी और अहंकार के खिलाफ जनता का सशक्त संदेश होगा।

सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा एवं मनोज यादव ने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष और तेज़ किया जाएगा तथा 16 फरवरी के राजभवन घेराव कार्यक्रम के संयोजक चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह होंगे।

About the author

Subodh Bhatt

Leave a Comment