उत्तराखंड ख़बरसार

राज्यपाल ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

Governor visited the disaster areas
Written by Subodh Bhatt

Governor visited the disaster areas

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने हाल ही में अतिवृष्टि से प्रभावित देहरादून जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने नन्दा की चौकी और टपकेश्वर महादेव मंदिर में स्थलीय निरीक्षण कर आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया और राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

राज्यपाल ने सबसे पहले कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन के अधिकारियों से आपदा की विस्तृत जानकारी ली। जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि आपदा की सूचना मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में खोज और बचाव कार्य शुरू कर दिए थे। डीएम स्वयं टीम का नेतृत्व कर राहत कार्यों की निगरानी करते रहे।

राज्यपाल ने आपदा प्रबंधन में जिला प्रशासन की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में प्रशासन ने प्रभावित लोगों तक तुरंत पहुंचकर न केवल राहत पहुंचाई बल्कि लोगों में विश्वास भी जगाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से हमें सीख लेकर भविष्य के लिए बेहतर योजना और तैयारी करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाए।

इसके बाद राज्यपाल नन्दा की चौकी पहुंचे और क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि तीन से चार दिनों में वैकल्पिक मार्ग तैयार कर लिया जाएगा, जबकि पुल का पुनर्निर्माण कुछ समय में पूरा होगा। राज्यपाल ने निर्देश दिए कि लोगों की सुविधा के लिए आवागमन को शीघ्र सुचारू किया जाए।

Governor visited the disaster areas
टपकेश्वर महादेव मंदिर में स्थलीय निरीक्षण

टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर राज्यपाल ने वहां आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया और पुजारियों व स्थानीय लोगों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि यह समय चुनौतीपूर्ण है, लेकिन शासन और प्रशासन के प्रयासों से जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।

इस दौरान राज्यपाल ने टपकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। निरीक्षण दौरे में जिलाधिकारी सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी जयभारत सिंह, एसपी सिटी प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

About the author

Subodh Bhatt

Leave a Comment