Sahaspur
- जनसंपर्क के जरिए साधा सीधा संवाद, विकास के मुद्दों पर मांगा जनता का साथ
देहरादून। सहसपुर विधानसभा में 2027 के चुनावी रण की बिसात अभी से बिछने लगी है। राजनीतिक तापमान बढ़ने के बीच विजयपाल सिंह बर्तवाल ने भी मैदान में अपनी सक्रियता तेज कर दी है। चन्द्रबनी में जनसंपर्क अभियान के जरिए उन्होंने सीधे जनता के बीच पहुंचकर अपनी राजनीतिक मौजूदगी का अहसास कराया। क्षेत्रवासियों से आत्मीय मुलाकात और सीधा संवाद करते हुए बड़थ्वाल ने न केवल स्थानीय समस्याओं और विकास की जरूरतों का जायजा लिया, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जनता का विश्वास और समर्थन जुटाने की दिशा में भी कदम बढ़ाया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान बर्तवाल ने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि 2027 का चुनाव उनके लिए केवल राजनीतिक अवसर नहीं, बल्कि सहसपुर के विकास को नई दिशा देने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचना और जनता की आवाज को मजबूती से आगे ले जाना है।

सहसपुर विधानसभा में बर्तवाल के जनसंपर्क अभियान को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। सहसपुर में राजनीतिक समीकरणों के बीच लगातार बढ़ रही नेताओं की सक्रियता ने चुनावी चर्चाओं को भी गर्म कर दिया है। बर्तवाल का लगातार जनता के बीच पहुंचना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि उन्होंने 2027 के चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है।
श्री बर्तवाल ने कहा कि क्षेत्र के विकास की वास्तविक तस्वीर जनता के बीच जाकर ही समझी जा सकती है। सड़क, मूलभूत सुविधाओं, स्थानीय विकास और क्षेत्रवासियों की अन्य अपेक्षाओं को लेकर उन्होंने लोगों के सुझाव सुने और भरोसा दिलाया कि जनसमस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
जनसंपर्क के दौरान क्षेत्रवासियों की ओर से भी स्थानीय मुद्दों और विकास कार्यों को लेकर विभिन्न सुझाव सामने रखे गए। बर्तवाल ने कहा कि सहसपुर के भविष्य का फैसला जनता की आकांक्षाओं और क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता के सहयोग से सहसपुर को विकास की नई पहचान दिलाने के लिए मिलकर काम किया जाएगा।


