शिक्षा उत्तराखंड ख़बरसार

ग्राफिक एरा में अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन : भविष्य के नेटवर्क होंगे अधिक स्मार्ट, तेज और अनुकूलनशील

International Conference Graphic Era
Written by Subodh Bhatt

International Conference Graphic Era

देहरादून। ग्राफिक एरा में अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में विशेषज्ञों ने कहा कि भविष्य के नेटवर्क अधिक स्मार्ट, तेज व परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने में सक्षम होंगे, जहाँ सभी डिवाइस मिलकर एक मजबूत डिजिटल सिस्टम बनाएंगे, जो कार्यों को सरल और अधिक प्रभावी बना देगा।

आज ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में डिवाइस, कंप्यूटर और संचार तकनीक विषय पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारत सरकार के संचार मंत्रालय के नेशनल कम्युनिकेशंस अकादमी के निदेशक अतुल जोशी ने कहा कि डिवाइस इंटेलिजेंस आने वाले समय में संचार नेटवर्क की दिशा और क्षमता दोनों में बड़े बदलाव लाएंगी। उन्होंने कहा कि 5जी एडवांस्ड और 6जी के युग में ऐसी तकनीकें न केवल तेज और विश्वसनीय संचार सुनिश्चित करेंगी, बल्कि पूरी तरह से कनेक्टेड डिजिटल इकोसिस्टम के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, जो देश के डिजिटल विकास और समावेशी प्रगति को नई गति देगा।

आईआईटी रुड़की के प्रो. सुदेब दासगुप्ता ने कहा कि अत्यंत कम तापमान पर कार्य करने वाले इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम्स भविष्य की उन्नत तकनीकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आगे कहा कि ऐसी तकनीकों का विकास आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम्स को अधिक सक्षम, विश्वसनीय और ऊर्जा दक्ष बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे आने वाले समय में हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग के नए आयाम खुलेंगे।

भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के राष्ट्रीय सौर ऊर्जा संस्थान के महानिदेशक प्रो. मोहम्मद रिहान ने कहा कि आने वाले समय में स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के साथ उन्नत तकनीकों का समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सौर ऊर्जा तकनीकों और ऊर्जा प्रणालियों में नवाचार की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि स्मार्ट और कुशल ऊर्जा समाधान विकसित कर देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकता है।

अमेरिका के टेक्सास के एएमडी कंपनी के डा. हर्ष शर्मा ने भी सम्मेलन को ऑनलाइन संबोधित किया।
दो दिवसीय इस सम्मेलन में कुल दस तकनीकी सत्र आयोजित किए गए जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित चिप डिजाइन, हेटेरोजीनियस चिपलेट आर्किटेक्चर, रीकॉन्फिगरेबल इंटेलिजेंट सरफेस, 5जी एडवांस्ड एवं 6जी संचार तकनीक, क्रायोजेनिक सिस्टम्स और उन्नत वायरलेस नेटवर्क जैसे विषयों पर चर्चा की गई। सम्मेलन में देश विदेश के विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से भाग लिया। सम्मेलन के समापन सत्र में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

इस सम्मेलन का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के इलेक्ट्रॉनिक एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट ने आईईईई, डीआरडीओ और सर्ब इंडिया के सहयोग से किया। सम्मेलन में यूनिवर्सिटी के प्रो वीसी डा. संतोष एस. सर्राफ, कुलसचिव डा. नरेश कुमार शर्मा, डिपार्टमेंट हेड डा. मो. इरफानुल हसन के साथ प्रो. निकोला मार्केट्टी, डा. मृदुल गुप्ता, डा. अभय शर्मा, डा. चांदनी तिवारी अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं और छात्र छात्राएं मौजूद रहे। सम्मेलन का संचालन डा. साक्षी गुप्ता ने किया।

About the author

Subodh Bhatt

Leave a Comment