उत्तराखंड

सीएम डैशबोर्ड से जुड़गें सभी विभाग

CM Dashboard
Written by admin

CM Dashboard

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में सी.एम डैशबोर्ड ‘दर्पण 2.0’ की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के सभी विभागों को इस डैशबोर्ड से जोड़ा जाए। उन्होंने सभी विभागों की गतिमान परियोजनाओं का डाटा अपलोड करने के लिए 15 दिन की समय सीमा निर्धारित की। इसके साथ ही, प्रत्येक माह की 7 तारीख तक विभागों को पिछले माह का डाटा अपडेट करने का आदेश भी दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने बैठक में कहा कि सी.एम डैशबोर्ड का मुख्य उद्देश्य जन समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी विभागों को मिलकर समस्याओं को चिन्हित कर उनका त्वरित समाधान निकालना चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि वह सी.एम हेल्पलाइन 1905 के साथ-साथ सी.एम डैशबोर्ड की भी हर माह समीक्षा करेंगे, ताकि योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति सुनिश्चित हो सके।

मुख्यमंत्री ने सचिवों को अपने-अपने विभागों की नियमित रूप से सीएम डैशबोर्ड संबंधी बैठकें आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पोर्टल्स को यूजर-फ्रेंडली बनाया जाए और डैशबोर्ड में डाटा का प्रस्तुतीकरण बेहतर तरीके से किया जाए।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने गरीबों, युवाओं, अन्नदाताओं और महिलाओं के कल्याण के लिए चल रही योजनाओं के प्रभाव को धरातल पर दिखाने के लिए संबंधित विभागों को तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम गतिशक्ति उत्तराखण्ड पोर्टल में 5 करोड़ से अधिक धनराशि की सभी परियोजनाओं को अनिवार्य रूप से शामिल करने पर भी जोर दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। उन्होंने उच्च शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास, और प्लेसमेंट सेल को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए, ताकि युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें।

बैठक में उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण समिति श्री विश्वास डाबर, मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव श्री आर. के सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव श्री अमित सिन्हा, प्रमुख वनसंरक्षक डॉ. धनंजय मोहन, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

About the author

admin

Leave a Comment