उत्तराखंड

नेपाली फार्म से टोल प्लाजा: सर्वदलीय संघर्ष समिति का विधायक के खिलाफ प्रदर्शन 

ऋषिकेश। नेपाली फार्म से टोल प्लाजा हटाने के लिखित आदेश के लिए गुरुवार को सर्वदलीय संघर्ष समिति के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने घेराव के लिए विस अध्यक्ष के कैंप कार्यालय कूच किया। पुलिस ने आईडीपीएल फैक्ट्री के पास बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढक़र जबरन आगे बढऩे लगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोक-झोंक भी हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारी यहां धरने पर बैठ गये। पुलिस ने करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ कोविड नियमों के उल्लंघन में मुकदमा दर्ज किया है। गुरुवार सुबह साढ़े दस बजे सर्वदलीय संघर्ष समिति के बैनर तले प्रदर्शनकारी नीम करौली हनुमान मंदिर के पास एकत्रित हुये। यहां से पैदल ही नारेबाजी करते हुये विस अध्यक्ष/विधायक के कैंप कार्यालय के लिए कूच किया। करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक लिया। पुलिस ने सडक़ पर करीब आधा दर्जन डंपर भी खड़े कर दिये। कई प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग लांघकर आगे बढऩे का प्रयास करने लगे। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें नीचे उतार दिया। बाद में प्रदर्शनकारियों ने यहां धरना प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री शूरवीर सजवाण ने कहा कि नेपाली फार्म के समीप टोल प्लाजा का क्षेत्रवासी विरोध कर रहे हैं। बीते दो सप्ताह से धरना प्रदर्शन चल रहा है। आरोप लगाया कि टोल प्लाजा निरस्तीकरण को लेकर क्षेत्रीय विधायक जनता को गुमराह कर रहे हैं। क्षेत्रिय विधायक दावा कर रहे हैं कि अब यहां टोल प्लाजा नहीं बनेगा। लेकिन अब तक कोई लिखित आदेश इस बारे में आंदोलनकारियों को नहीं मिला है। कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने कहा कि विस अध्यक्ष को टोल प्लाजा स्थगित करने का शासनादेश या लिखित में कोई दस्तावेज दिखाना चाहिए। लेकिन उनके पास लिखित में ऐसा कोई भी कागजात नहीं है। चेताया कि टोल प्लाजा का निर्माण किया गया तो वह क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर आंदोलन तेज करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान परिवहन महासंघ के अध्यक्ष सुधीर राय, उत्तराखंड जन विकास पार्टी के नेता कनक धनाई, एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, महंत विनय सारस्वत, विजयपाल रावत ने भी संबोधित किया। मौके पर पुलिस उपाधीक्षक डीसी ढौंडियाल, तहसीलदार डॉ अमृता शर्मा, कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिंह नेगी, रायवाला थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत, रानीपोखरी थानाध्यक्ष जितेंद्र चौहान सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

प्रदर्शन में शामिल: नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष ललितमोहन मिश्रा, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, नवीन रमोला, बलवीर रौतेला, जयेद्र पाल सिंह रावत, कृपाल सिंह सरोज, सरोज देवराडी, भगवती सेमवाल, मधु जोशी,संजय पोखरियाल,नरेन्द्र वर्मा, वेदप्रकाश शर्मा, हेमेन्त डंग, राजेन्द्र गैरोला,देव पोखरियाल,सतेन्द्र पंवार, सोहन सिंह आदि प्रदर्शन में शामिल रहे।

Ad

Ad

About the author

admin

Leave a Comment