हादसा उत्तराखंड

दर्दनाक हादसा : चंबा-कोटी नैल मार्ग पर वाहन खाई में गिरा

Vehicle Fell Into Gorge
Written by Subodh Bhatt

Vehicle Fell Into Gorge

टिहरी गढ़वाल जनपद के चंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत चंबा-कोटी नैल मार्ग पर गुरुवार, 23 अप्रैल 2026 को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डायल 112 के माध्यम से मिली सूचना के अनुसार एक यूटिलिटी पिकअप वाहन लगभग 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में करीब 9–10 लोग सवार बताए जा रहे थे।

सूचना मिलते ही थाना चंबा पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अब तक 2 घायलों को सुरक्षित निकालकर जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

Vehicle Fell Into Gorge

घायलों की पहचान:
उत्तम (30 वर्ष), पुत्र पुस्सू, ग्राम लोस्तु बड़ियारगढ़
अंकित (22 वर्ष), पुत्र आशा लाल, ग्राम नेलचामी, घनसाली

दोनों घायल जिला अस्पताल बौराड़ी में उपचाराधीन हैं।

रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक 4 शवों को खाई से निकालकर सड़क तक लाया जा चुका है। वाहन में सवार सभी लोग घनसाली क्षेत्र के बताए जा रहे हैं, जो ऋषिकेश से एक क्रियाकर्म में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।

मौके पर SDRF, स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस द्वारा लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

Vehicle Fell Into Gorge

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। साथ ही जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए।

फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

About the author

Subodh Bhatt

Leave a Comment