ख़बरसार उत्तराखंड

समर वैली विद्यालय में मेजर जनरल सहगल का प्रेरक सत्र, शिक्षकों को दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश

Summer Valley School
Written by Subodh Bhatt

Summer Valley School

देहरादून। समर वैली विद्यालय में एक विशेष प्रेरक सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें प्रख्यात सैन्य विशेषज्ञ, प्रशिक्षक एवं प्रेरक वक्ता रिटायर्ड मेजर जनरल सहगल ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए नेतृत्व, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रभावशाली विचार व्यक्त किए।

मेजर जनरल सहगल ने अपने संबोधन में कहा कि “एक शिक्षक केवल पाठ्यपुस्तक नहीं पढ़ाता, बल्कि वह राष्ट्र का भविष्य गढ़ता है। एक शिक्षक ही हजारों बच्चों का जीवन बदल सकता है।” उन्होंने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि बच्चों को केवल विद्यालयीन गतिविधियों तक सीमित न रखकर उन्हें भगत सिंह जैसे महान नायकों की प्रेरक कहानियों से भी अवगत कराना चाहिए, जिससे उनमें देशभक्ति, साहस और सशक्त चरित्र का विकास हो सके।

Summer Valley School

उन्होंने कक्षा 9 और 12 को विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ बताते हुए कहा कि इस समय सही दिशा-निर्देशन अत्यंत आवश्यक होता है। उन्होंने कौशल आधारित शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को केवल पारंपरिक क्षेत्रों तक सीमित न रखते हुए उन्हें विभिन्न रोजगारपरक और नवाचार से जुड़े क्षेत्रों की जानकारी दी जानी चाहिए। उनका मानना था कि शिक्षा का मूल उद्देश्य बच्चों को एक अच्छा इंसान बनाना होना चाहिए, क्योंकि वही आगे चलकर जिम्मेदार नागरिक और सशक्त राष्ट्र निर्माता बनते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या सोनू कुंद्रा ने मेजर जनरल सहगल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सत्र शिक्षकों के लिए अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक और नई ऊर्जा प्रदान करने वाला रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. अशोक वासु, सह-निदेशक पारुल गोयल, प्रतिमा सहगल, डॉ. सुदेश ब्याला तथा सन वैली की प्रधानाचार्या पूजा अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

About the author

Subodh Bhatt

Leave a Comment