उत्तराखंड

कांग्रेस मैनिफेस्टो के लिए सुझाव व मार्गदर्शन मांगने हेस्को पहुंचे धस्माना

Written by admin

देहरादून: उत्तराखंड के आगामी विधानसभा चुनावों में अपने मैनिफेस्टो को हर दृष्टिकोण से प्रभावी व जन उपयोगी बनाने के लिए पूर्व मंत्री नव प्रभात की अध्यक्षता व कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के संजयोजकत्व वाली मैनिफेस्टो समिति दिन रात मेहनत कर समाज के विभिन्न वर्गों, बुद्धिजीवी ,कर्मचारी, पर्यावरण विदों, युवा महिला समूहों से सुझाव आमंत्रित कर रही है। इसी कड़ी में समिति के संयोजक सूर्यकांत धस्माना देश के जाने माने विख्यात पर्यावरणविद पद्मभूषण डॉक्टर अनिल प्रकाश जोशी के शुक्लापुर स्थित हेस्को मुख्यालय पहुंचे व उनसे अपने चुनाव घोषणा पत्र के लिए सुझाव व मार्गदर्शन मांगा।
डॉक्टर जोशी ने श्री धस्माना का हेस्को में आने के लिए धन्यवाद करते हुए उनका स्वागत किया और कहा कि वे और उनका मिशन गैर राजनीतिक है किंतु उनका यह मानना है कि सरकारों को अपने एजेंडे में सबसे ऊपर पर्यावरणीय चिंताओं व उनके समाधान को रखना चाहिए और उसमें अपनी मिट्टी, जल जंगल और हवा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि होता इसके ठीक विपरीत है चुनावों में वादे बहुत होते हैं पर सरकार बन जाने पर वादों पर अमल कम होता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से 2013 व पिछले पखवाड़े में कुमाऊं मण्डल में आपदाएं आईं, रिणी चमोली में सैलाब आया उसने पूरे मध्य हिमालय में भूगर्भीय चिंताएं बड़ा दी हैं और इसलिए अब यह जरूरी हो गया है कि हमारे राज्य की सरकारें पर्यावरणीय मसलों पर गंभीर और संवेन्दनशीलता हों। श्री जोशी ने कहा कि उत्तराखंड में जल संरक्षण, वन नीति व खनन जैसे मामलों में ठोस व वैज्ञानिक दृष्टि से नीतियां तैयार होनी चाहिए। जल संकट, स्वास्थ्य सेवाओं व कमजोर कनेक्टिविटी व रोजगार के सीमित सांसाधन पलायन का मुख्य कारण बने हुए हैं और इनको ठीक प्रकार से संबोधित नहीं किया जा रहा जिसके कारण गांव के गांव खाली हो रहे हैं जो हर दृष्टि से प्रदेश व देश के लिए खतरनाक हो सकता है इसलिए इस समस्या पर गंभीरता से काम किया जाना चाहिए। उन्होनें पर्यटन तीर्थाटन व रोजगार की एकीकृत नीति बना कर इसे रोजगार का एक बड़ा व स्थायी जरिया बनाये जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
डॉक्टर जोशी ने परंपरागत खेती के तरीकों में सुधार व चकबंदी की आवश्यकता पर भी काम किये जाने की आवश्यकता पर बल दिया। श्री धस्माना ने डॉक्टर जोशी को उनके अमूल्य सुझाव व समय देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि उनके सुझावों को मैमिफेस्टो कमेटी प्राथमिकता के आधार पर अपने घोषणा पत्र में सम्मिलित करेगी।

About the author

admin

Leave a Comment