ख़बरसार शिक्षा

कृष्ण चन्द्र मिश्रा को IEEEE यूपी सेक्शन का ‘उत्कृष्ट अनुभाग स्वयंसेवक पुरस्कार’

Outstanding Section Volunteer Award
Written by Subodh Bhatt

Outstanding Section Volunteer Award

देहरादून/कानपुर। वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के परिसर संस्थान महिला प्रौद्योगिकी संस्थान (डब्ल्यू.आई.टी.), सुद्धोवाला के सहायक प्राध्यापक कृष्ण चन्द्र मिश्रा को वर्ष 2025 के लिए आई.ई.ई.ई. उत्तर प्रदेश अनुभाग का ‘उत्कृष्ट अनुभाग स्वयंसेवक पुरस्कार’ प्रदान किया गया। यह सम्मान 01 फरवरी 2026 को कानपुर में आयोजित आई.ई.ई.ई. उत्तर प्रदेश अनुभाग की वार्षिक आम सभा (ए.जी.एम.) में दिया गया।

पुरस्कार आई.ई.ई.ई. यूपी सेक्शन के अध्यक्ष प्रो. योगेश कुमार सिंह (प्रोफेसर, आई.आई.टी. कानपुर), प्रो. सतीश कुमार सिंह (आई.आई.आई.टी. इलाहाबाद), प्रो. राघवेंद्र चौधरी (आई.आई.टी. कानपुर), प्रो. मोहम्मद रिहान (निर्वाचित अध्यक्ष, आई.ई.ई.ई. यूपी सेक्शन एवं प्रोफेसर, ए.एम.यू. अलीगढ़), सचिव प्रो. आर.के. सिंह (आई.आई.टी. बी.एच.यू., बनारस) तथा संयुक्त सचिव प्रो. वरुण काकर (बी.टी.के.आई.टी., द्वारहाट) की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में प्रो. एस.एन. सिंह (वरिष्ठ प्रोफेसर, आई.आई.टी. कानपुर एवं वर्तमान निदेशक, आई.आई.आई.टी.एम., ग्वालियर) और प्रो. जे. रामकुमार (वरिष्ठ प्रोफेसर, आई.आई.टी. कानपुर) की विशेष उपस्थिति रही। पुरस्कार की घोषणा प्रो. आशीष कुमार (एम.एन.आई.टी., इलाहाबाद एवं अध्यक्ष, पुरस्कार समिति, आई.ई.ई.ई. यूपी सेक्शन) द्वारा की गई।

श्री मिश्रा को यह सम्मान वर्ष 2025 में आई.ई.ई.ई. यूपी सेक्शन की गतिविधियों में महत्वपूर्ण स्वैच्छिक योगदान, कार्यक्रमों के समन्वय, प्रशासनिक सहयोग तथा सेक्शन-स्तरीय पहलों में निरंतर सहभागिता के लिए दिया गया। वर्ष 2016 से वे महिला प्रौद्योगिकी संस्थान, देहरादून में आई.ई.ई.ई. डब्ल्यू.आई.टी. स्टूडेंट ब्रांच के काउंसलर के रूप में सक्रिय हैं। वे वर्ष 2018–2020 तक यंग प्रोफेशनल एफिनिटी ग्रुप के चेयर, 2021–2023 तक आई.ई.ई.ई. यूपी सेक्शन के संयुक्त सचिव तथा 2025 में सेक्शन हिस्ट्री एंड पब्लिकेशन समिति के चेयर भी रहे। वर्तमान में वे आई.ई.ई.ई. वुमेन इन इंजीनियरिंग (WIE) एफिनिटी ग्रुप के सलाहकार हैं।

इस अवसर पर श्री मिश्रा ने पुरस्कार का श्रेय आई.ई.ई.ई. डब्ल्यू.आई.टी. स्टूडेंट ब्रांच की छात्राओं, आई.ई.ई.ई. उत्तर प्रदेश अनुभाग के पदाधिकारियों, वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय प्रशासन, संस्थान निदेशक, समस्त फैकल्टी सदस्यों तथा अपनी धर्मपत्नी श्रीमती अमिता मिश्रा को दिया।

उल्लेखनीय है कि कृष्ण चन्द्र मिश्रा, प्रोफेसर, डब्ल्यू.आई.टी. देहरादून ने एक्टिविटी बेस्ड चैप्टर इंसेंटिव अवार्ड में तृतीय स्थान तथा सर्वश्रेष्ठ सोसायटी पुरस्कार भी बी.टी.के.आई.टी., द्वारहाट के छात्रों एवं डॉ. वरुण काकर के साथ प्राप्त किया है।

About the author

Subodh Bhatt

Leave a Comment